सामान्य आपदाएँ-निवारण एवं नियंत्रण
कारण बताएं—-
1. भारत और पाकिस्तान पड़ोसी देश होते हुए भी एक दूसरे के दुश्मन बने हुए हैं| क्यों?
उत्तर:-वैचारिक असमानता के कारण
2. महात्मा गाँधी ने हिंदू मुस्लिम एकता के लिए अपनी आहुति तक दे दी| क्यों?
उत्तर:- भारत में हिन्दू मुस्लिम की एकता स्थापित हो जाय
3. कुहासे के समय जहाजों की उड़ान रोक दी जाती है| क्यों?
उत्तर:-कुहासे के दौरान दृश्यता कम होने के कारण होनेवाली दुर्घटना से बचने के लिए जहाजों की उड़ान रोक दी जाती है|
4. रेलवे फाटक पर गेटमैन की तैनाती की जाती है| क्यों?
उत्तर:-गाड़ी आने से पहले फाटक बंद करने के लिए
5. सड़कों पर कहीं कहीं जेब्रा का निशान लगा रहता है| क्यों?
उत्तर:-पैदल यात्री को पार करने के लिए
अतिलघु उत्तरीय प्रश्न
1. खान पान का गड़बड़ी से उत्पन्न एक आपदा का नाम बताएं|
उत्तर:-कालरा(हैजा)
2. दूषित जल से होनेवाली एक बीमारी का नाम लिखें|
उत्तर:-कालाजार
3. मानव भूल से होनेवाली एक आपदा का नाम बताएं|
उत्तर:-सड़क दुर्घटना
4. सामान्य आपदाओं के लिए जिम्मेवार एक कारण को लिखें|
उत्तर:-जागरूकता की कमी
5. सामान्य आपदाएँ कितने प्रकार की होती है?
उत्तर:-सामान्य आपदाएँ दो प्रकार की होती है——-लघु स्तरीय आपदाएँ एवं दीर्घ स्तरीय आपदाएँ
6. गंदी बस्तियों में फैलनेवाली चार बीमारियों के नाम लिखें|
उत्तर:-हैजा, प्लेग, मलेरिया, कालाजार
7. दीर्घ स्तरीय आपदाओं के नाम लिखें|
उत्तर:-सड़क, तेल, वायुयान दुर्घटनाएँ, आग लगाना, सांप्रदायिक दंगे एवं आतंकवादी घटनाएँ दीर्घ स्तरीय आपदाएँ है|
8. भारत में रेलवे समपारों की समस्या कितनी है? इसकी क्या विशेषता है?
उत्तर:-भारत में 3,700 रेलवे समपार है, जहाँ कोई कर्मचारी नहीं रहता है
9. बस या रेलगाड़ी पर कब चढना उतरना चाहिए?
उत्तर:-बस या रेलगाड़ी रुककर खड़ी हो जाए तब चढना या उतरना चाहिए
10. बस या रेलगाड़ी पर किस स्थान पर खड़ा होकर यात्रा नहीं करना चाहिए?
उत्तर:-बस या रेलगाड़ी के पावदानों पर खड़ा होकर यात्रा नहीं करना चाहिए
11. घरों या अपार्टमेंट में आग से सुरक्षा हेतु क्या करना चाहिए?
उत्तर:- अग्निशामक यंत्र रखना चाहिए
12. घर से बाहर जाते समय क्या करना चाहिए?
उत्तर:-बिजली के सभी उपकरणों एवं सभी स्विच को बंद कर देना चाहिए|
13. घर से निकलने का मार्ग कैसा होना चाहिए?
उत्तर:-घर से निकलने का मार्ग चौड़ा एवं साफ होना चाहिए
14. ताज होटल पर किस वर्ष आतंकवादी हमला हुआ था?
उत्तर:-2008 में
15. आतंकवादी घटनाओं के शिकार किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नाम लिखें|
उत्तर:-राजीव गाँधी
16. रेलगाड़ी में आग लगने का क्या करना चाहिए?
उत्तर:-सुविधानुसार आपातकालीन खिड़की से बाहर निकलना चाहिए
17. 2008 में भारत के किन शहरों में सीरियल बम ब्लास्ट हुए थे?
उत्तर:-बंगलूरू, जयपुर, सूरत और दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण शहरों में वर्ष 2008 में सीरियल बम ब्लास्ट हुए थे|
लघु उत्तरीय प्रश्न
1. हवाई यात्रा के समय सुरक्षा के किन नियमों का पालन आवश्यक है? समझाएँ|
उत्तर:-यात्रियों को सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करना चाहिए|
सीट पर बैठने के बाद सीट बेल्ट बाँध लेना चाहिए तथा संकेतों का पालन करना चाहिए|
आपातकालीन द्वार की जानकारी ले लेना चाहिए|
कड़ाई से यात्रियों तथा उनके सामानों की जांच होनी चाहिए|
2. रेलवे फाटक पार करते समय रखी जानेवाली सावधानियों का उल्लेख करें|
उत्तर:-रेलवे लाइन पार करते समय सिग्नल तथा दोनों तरफ के रेलपथ को देख लेना चाहिए|
रेल फाटकों पर बत्तियाँ लगी होती है, जो गाड़ी आने की सूचना देती है| लाल बत्ती दिखाई दे तो यह समझना चाहिए कि फाटक बंद है और गाड़ी आनेवाली है सफेद या हरी बत्ती फाटक के खुला रहने का संकेत है| इसी समय रेल लाइन पार करना चाहिए|
3. सड़क यात्रा के समय रखी जानेवाली सावधानियों का वर्णन करें|
उत्तर:-पैदल हमेशा बाईं ओर से चलना चाहिए|
सड़क पार करने के लिए सड़कों के आरपार पैदल पथ या सड़क के नीचे से भूमिगत सुरंग का निर्माण करना|
गति अवरोध या तीखे मोड़ पर वाहनों की गति कम करनी चाहिए|
बस में बैठने पर शरीर का कोई भी अंग बाहर नहीं निकलना चाहिए|
4. सांप्रदायिक दंगों से बचाव के उपायों की विवेचना करें|
उत्तर:-सांप्रदायिक दंगे प्रायः अफवाह से फैलते है अतः न तो अफवाह पर ध्यान देना चाहिए न इसे फैलाना चाहिए|
किसी प्रकार की अफवाह की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन को देनी चाहिए|
सांप्रदायिकों और आतंकवादियों को कभी पनाह नहीं देना चाहिए|
सांप्रदायिक या आतंकवादी घटनाओं के निमित्त कानून प्रावधानों का प्रचार सूचना माध्यमों और पम्पलेटों से करना चाहिए| इसमें आजीवन कारावास और मौत की सजा दी जा सकती है|
5. आतंकवादी आपदा से बचाव के कोई तीन उपाय बताएं|
उत्तर:-अनजान पड़ी वस्तुओं या सामानों को नहीं छूना चाहिए तथा इसकी सूचना निकटतम थाने को देनी चाहिए|
संदेहात्मक गतिविधि के व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए|
किराएदारों की पूरी जानकारी के बाद उनके फोटो सहित पुलिस को सूचित करके ही उन्हें अपने मकान में रहने देना चाहिए|
6. आतंकवाद क्या है?
उत्तर:-आतंकवाद मानवजनित वह आपदा है जो धर्म, संप्रदाय की आड़ में राजनीतिक उद्देश्य की पूर्ति के लिए विकसित की गयी है| आतंकवादी संगठनों का कोई निश्चित क्षेत्र नहीं होता है और न ही कोई राजनीतिक सीमा ही निश्चित होती है| वर्तमान समय में अलकायदा सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन माना जाता है|
7. लघु स्तरीय आपदा क्या है?
उत्तर:-लघु स्तरीय आपदाएँ व्यक्तिगत, पारिवारिक या कभी कभी सामूहिक भी होती है जिसमें गरीब परिवारों एवं गंदी बस्तियों में फैलनेवाली बीमारियाँ शामिल हैं|
8. सड़क दुर्घटना के कारणों का उल्लेख करें|
उत्तर:-वाहनों की संख्या का बढना
यातायात के नियमों का ठीक से पालन नहीं करना
वाहनों की गति से अधिक होना
तीखे मोड़ पर गति सीमा में नहीं रहना
ओवरटेकिंग कर आगे निकलने की जल्दबाजी करना
9. सड़क दुर्घटना को रोकने संबंधी दीर्घकालीन उपायों का उल्लेख करें|
उत्तर:-वाहनों की संख्या के अनुसार सड़कों का विस्तार एवं उन्हें चौड़ा करना
सड़क पार करने के लिए भूमिगत सुरंग का निर्माण करना
यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करना
10. हवाई यात्रा करते समय ध्यान में रखी जानेवाली प्रमुख बातों का संक्षेप में लिखें|
उत्तर:-हवाई यात्रा करते समय विमान के ऊपर उठने एवं नीचे उतरने के दौरान सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए| यात्रा के दौरान विमान में सिगरेट, बीड़ी या शराब का प्रयोग नहीं करना चाहिए| आपातकालीन द्वार के बारे में जानकारी अवश्य ले लेनी चाहिए तथा विमान में चढने के पहले सामानों एवं यात्रियों की अत्याधुनिक सुरक्षा यंत्रों से जांच कर लेनी चाहिए|
11. लघु स्तरीय आपदाओं की स्थिति में क्या करना चाहिए|
उत्तर:-पेट में गड़बड़ी होने पर नमक और चीनी का घोल इलेक्ट्रॉल पाउडर का घोल एक एक घंटे पर देते रहना चाहिए|
समस्या गंभीर होने पर निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र को सूचित करना चाहिए|
स्वंयसेवी संस्थाओं से बचाव के लिए सहायता ली जा सकती है|
हैजा, प्लेग, कालाजार या मलेरिया फैलने पर तुरंत निकटवर्ती अस्पताल में रोगियों को पहुँचाना चाहिए|
संबंधित परिवार को घबराने से रोकने के लिए ढाढस बंधना चाहिए|
आसपास कीटनाशी का प्रयोग कर वातावरण को स्वच्छ करना चाहिए|
दूषित पेयजल अथवा पीने के पानी को उबालकर ही पीने की सलाह देनी चाहिए
12. सड़क दुर्घटना के कारण एवं उसके रोकथाम हेतु सुझाव दें|
उत्तर:-शहरों में बढते वाहनों की संख्या तथा पुरानी एवं पतली सड़कों के कारण दुर्घटनाएँ बढती जा रही हैं| सड़क दुर्घटना के प्रमुख कारण है——
यातयात के नियमों का ठीक से पालन नहीं करना
वाहनों विशेषकर दो पहिया वाहनों की गति अधिक रहना
तीखे मोड़ पर भी वाहनों की गति कम नहीं करना
टूटी फूटी सड़कों पर भी ओवरलोडिंग कर बसों को चलाना
मौसम की खराबी से दृश्यता में कमी
ओवरटेकिंग कर आगे निकलने की जल्दबाजी
महानगरों में सड़क पार करते समय जेब्रा क्रासिंग का उपयोग नहीं करना सड़क दुर्घटनाओं को कम करने हेतु आवश्यक सुझाव है—–
समयानुसार एवं आवश्यकतानुसार सड़कों को चौड़ी करना
सड़क पार करने के लिए भूमिगत पैदल पथ का निर्माण करना
यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करना
13. वायुयान दुर्घटना के कारण पर प्रकाश डालें|
उत्तर:-वर्तमान काल में वायुयान सबसे कम समय में लंबी दूरी तय करनेवाला, किंतु महंगा साधन है| परंतु, इसमें भी दुर्घटनाएँ होती है| जिसके कुछ मुख्य कारण है——-
मौसम की गड़बड़ी—-मौसम की गड़बड़ी विशेषकर कुहासा छा जाने पर विमान पट्टी साफ साफ नहीं दिखाई पड़ती तथा आसमान में भी मार्ग भटकने का डर रहता है| फलतः विमान दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं|
तकनीकी खराबी—–इंजन में खराबी या फिर कंट्रोल रूप से संपर्क टूट जाने के कारण दो विमान आसमान में ही टकरा जाते हैं|
तूफान एवं आग लगना—–हवाई जहाज के उड़ते ही तूफान के अचानक आ जाने पर या फिर बीड़ी, सिगरेट या शराब के कारण विमान में आग लगने से दुर्घटनाएँ हो जाती है|
14. घर में लगी आग की रोकथाम हेतु क्या आवश्यक सावधानियाँ बरती जानी चाहिए?
उत्तर:-घर के भीतर अनावश्यक ज्वलनशील सामान नहीं रखना चाहिए|
घरों में अग्निशामक यंत्र रखना एवं उसका उपयोग करना जानना आवश्यक है|
घर से बाहर निकलने समय बिजली के सभी उपकरणों एवं स्विच को बंद कर देना चाहिए|
भोजन बनाने के बाद सिलिंडर का स्विच बंद कर देना चाहिए|
बाहर निकलने का मार्ग स्वच्छ और चौड़ा होना चाहिए|
घर में आग से धुआँ भर जाने पर जमीन पर लेटकर तथा रेंगकर बाहर निकलना चाहिए|
निकटवर्ती दमकल केन्द्र का पता अवश्य रखना चाहिए|
बिजली से लगी आग को पानी से नहीं बुझानी चाहिए|
बच्चों की पहुँच से बिजली के उपकरण एवं स्विच दूर होने चाहिए|
बिजली के एक साकेट में एक से अधिक उपकरण नहीं लगाना चाहिए|
15. सांप्रदायिक एवं आतंकवादी घटनाओं से बचाव के तरीकों को लिखें|
उत्तर:-किसी भी प्रकार की अफवाह को नहीं फैलने देना चाहिए|
अफवाह फैल जाने पर निकटतम पुलिस स्टेशन
सांप्रदायियों और आतंकवादियों को कभी पनाह नहीं देना चाहिए|
अनजान पड़ी वस्तुओं या सामानों को नहीं छूना चाहिए और न ही उठाना चाहिए|
संदेहात्मक गतिविधि के व्यक्ति की सूचना पुलिस को देना चाहिए|
किराएदार को रखते समय उसकी पूरी जानकारी तथा उसका फोटो सहित पुलिस को सूचित करना चाहिए|
प्रत्येक गाँव, मुहल्ले और नगर में आतंकवाद विरोधी दस्ते का गठन करना चाहिए|
विद्यालयों में पाठों के द्वारा सांप्रदायिक एवं आतंकवादी समस्याओं के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक बनाया जाना चाहिए|
सरकार को सांप्रदायिकता और आतंकवाद विरोधी कड़े कानूनों का प्रचार करना चाहिए|
सांप्रदायिक एवं आतंकवादी के पकड़े जाने पर उसके पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए|
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
1. आग लगने के कारणों और इनके निदानों का वर्णन करें|
उत्तर:-भोजन बनाते समय स्टोव, गैस चूल्हा या लकड़ी के चूल्हे से भी असावधानी वश आग लग सकती है| आजकल गैस सिलिंडर से लगनेवाली आग प्रायः आम घटना हो गयी है|
बिजली के हीटर या बिजली के उपकरण पंखा, बल्ब, टीवी इत्यादि की गड़बड़ी या तार की वायरिंग की गड़बड़ी से शार्ट सर्किट द्वारा आग लगने की संभावना रहती है|
धूम्रपान करनेवाले लोग प्रायः अधजली बीड़ी, सिगरेट फेंक देते हैं| इनसे भी आग लग सकती है|
उद्योगों या भंडार गृहों में ज्वलनशील पदार्थ रहने पर आग तेजी से भड़कर आपदा का रूप ले लेती है|
निदान——-
जहाँ तक हो सके घर के भीतर ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखना चाहिए|
घरों में अग्निशामक यंत्र को रखना चाहिए और इसके उपयोग की विधि से भी घर के हर व्यक्ति को अवगत रहना चाहिए|
घर से बाहर निकलते समय बिजली के उपकरणों को बंद कर देना चाहिए|
भोजन बनाने के बाद सिलिंडर का स्विच आफ कर देना चाहिए|
किसी भी परिस्थिति में घर से बाहर निकलने का मार्ग याद रखना चाहिए|
घर में आग से धुआँ भर जाने की स्थिति में जमीन पर लेटकर तथा रेंगकर बाहर निकलना चाहिए|
बिजली के कारण लगी आग को पानी से नहीं बुझाना चाहिए, नहीं तो बिजली का झटका लग सकता है|
बच्चों को दियासलाई नहीं देना चाहिए और बिजली के स्विच तथा उपकरण उनकी पहुँच से दूर रखना चाहिए|
2. आतंकवाद की समस्या का वर्णन करें ओर इन्हें रोकने के उपाय बताएं|
उत्तर:-पूरे विश्व के अनेक भागों में आतंकवादी संगठन विकसित हो गये हैं| इनकी शक्ति बढती जा रही है और यह विश्वयापी आपदा का रूप ले चुकी है| वस्तुतः आतंकवाद मानवजनित वह आपदा है जो धर्म संप्रदाय की आड़ में अपने राजनीतिक उद्देश्यों के पूर्ति के लिए विकसित की गयी है| आतंकवादी संगठनों का न कोई निश्चित क्षेत्र है और न ही कोई राजनीतिक सीमा आज अलकायदा सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन है, जिसने 11 सितम्बर 2001 को अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर वायुयान से हमलाकर इसे ध्वस्त कर दिया| आतंकवादी प्रायः बम या ग्रेनेड जैसे अस्त्रों का प्रयोग करते हैं| इनसे बचने के लिए निम्नलिखित सावधानियाँ आवश्यक है—-
अनजानी गठरी, झोला, सूटकेस या किसी सामान को नहीं छूना चाहिए, बल्कि इसकी सूचना तुरंत पुलिस या किसी जिम्मेवार व्यक्ति को देनी चाहिए|
संदेहात्मक गतिविधि के व्यक्ति की सूचना भी पुलिस को देनी चाहिए| उससे उलझने की आवश्यकता नहीं है|
मकान में किरायेदार को रखते समय उसकी जानकारी ले लें और उसके फोटो सहित पुलिस को सूचित करें|
विद्यालयों में आतंकवाद की समस्याओं की जानकारी छात्रों को देनी चाहिए|
3. लघु स्तरीय आपदाओं के कारणों और निदानों का उल्लेख करें|
उत्तर:-गरीब परिवारों में भोजन की समस्या रहती है| कभी कभी वे ऐसे पदार्थ खाने के लिए विवश होते हैं जो या तो अपाच्य होता है या अखाद्य| इससे पेट की बीमारियाँ हो जाती है|
गंदी बस्तियों में जल के दूषित होने या हवा की गंदगी से हैजा, प्लेग, मलेरिया तथा कालाजार होता रहता है| यह परिवार से फैलकर सामूहिक रूप ले लेता है|
निदान——–
पेट की गड़बड़ी में नमक और चीनी का घोल अथवा इलेक्ट्रॉन पाउडर का घोल एक एक घंटे के अंतराल पर देते रहना चाहिए|
यदि समस्या गंभीर है तो फोन या अन्य साधनों से निकटवर्ती स्वास्थ्य केन्द्र को सूचित करना चाहिए| हो सके तो संबंधित व्यक्ति को स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचाना चाहिए|
स्वंयसेवी संस्थाएँ या ग्राम पंचायतें नुक्कड़ नाटकों या परिचर्चाओं द्वारा लोगों को इस संबंध में सावधानी रखने के लिए जागरूक कर सकती है|
हैजा, प्लेग इत्यादि शीघ्र ही महामारी का रूप ले लेते हैं, अत: स्वास्थ्य केन्द्रों को सूचित करने के साथ ही इन बीमारियों के कारणों, अर्थात गंदगियों की सफाई भी आवश्यक है|
कुछ ऐसी सामान्य बीमारियों के लक्षण जानना आवश्यक है जिससे उनकी पहचान शीघ्र हो सके जैसे मलेरिया या कालाजार गंदे जल या हवा से फैलते है| दोनों में तेज बुखार होता है और कंपकंपी होती है| इनसे मस्तिष्क पर भी प्रभाव पड़ता है| इनके इलाज की सुविधा बड़े अस्पतालों में ही होती है | परिवार को घबराने से रोकने के लिए उसे ढाढस देना भी आवश्यक है|
4. विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन की विवेचना करें|
उत्तर:-विद्यालयों में आते समय तथा अवकाश होने पर एक साथ झुंड में बच्चे सड़क पर चलते हैं| कभी कभी उनके रास्ते में रेल फाटक भी पड़ता है| अत: विद्यालय में प्रति सप्ताह नियमपूर्वक एक घंटी भी वर्गानुसार या सामूहिक रूप से इन दुर्घटनाओं से बचने एवं यातायात के नियमों की जानकारी देने के लिए रखनी चाहिए, जैसे-
सड़क पर चलते समय हमेशा बाईं ओर से चलें|
सड़क पार करते समय दाहिने बाएँ देखकर तथा जेब्रा क्रासिंग के सहारे सड़क पार करें| क्रासिंग पर ही बत्ती की प्रतीक्षा करें| जेब्रा पार करने के लिए भी एक प्रकार की बत्ती लगी होती है|
गाड़ी चलाते समय सड़क पर बने गति अवरोधक पर गाड़ी धीरे चलानी चाहिए|
सड़क के किनारे लगे पुल, मोड़ इत्यादि के संकेतों का पालन करना चाहिए|
विद्यालय में समय समय पर परिवहन दुर्घटनाओं की व्याख्या, माडल इत्यादि प्रदर्शित करना चाहिए|
विद्यालय की बसों के ड्राइवर का प्रशिक्षित होना अनिवार्य है| गाड़ी के खड़े होने पर ही उतरना या चढना चाहिए|
गाड़ी में बढने के बाद शरीर का कोई अंग गाड़ी की खिड़की से बाहर नहीं रहना चाहिए|
प्रत्येक बस में प्राथमिक चिकित्सा बाक्स रखना चाहिए| और चालक तथा कंडक्टर को प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी होनी चाहिए|
किसी कारण जल जाने पर अंग पर बर्फ या ठंडा पानी तुरंत डालना चाहिए और जलते समय कंबल से ढक देना चाहिए|
5. सांप्रदायिक एवं आतंकवादी घटनाओं पर एक निबंध लिखें|
उत्तर:-सांप्रदायिक दंगे और आतंकवादी मानवजनित आपदा है जो धर्म, संप्रदाय की आड़ में अपने राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए विकसित की गयी है| इन मानवविरोधी संगठनों का न तो कोई निश्चित क्षेत्र होते हैं और न ही कोई राजनीतिक सीमा| वर्तमान समय में अलकायदा सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन माना जाता है जिसने 11 सितम्बर 2001 को अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर वायुयान से हमलाकर उसे ध्वस्त कर दिया था| भारत की आतंकवादी गतिविधियों का सबसे बड़ा भुक्तभोगी है| कश्मीर की समस्या आजादी के साथ ही मिली थी, इसलिए भारत और पाकिस्तान के बीच भयंकर युद्ध भी हो चुके हैं| परंतु अभी भी पाकिस्तान आतंकवादियों की सहायता से जम्मू कश्मीर में प्रतिदिन कुछ न कुछ हरकतें करता रहता है| अब तो पूरा भारत ही आतंक के साए में है| सर्वप्रथम 1980 के दशक में पंजाब आतंकवाद की आग में जला और इससे उबर भी गया, फिर भी यह आग दूसरे प्रांतों में धीरे धीरे सुलगती रही | उत्तर पूर्वी राज्य भी आतंकवादी गतिविधियों से ग्रसित है जबकि बिहार, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक जैसे कुछ राज्यों में सांप्रदायिक गतिविधियाँ कुछ ज्यादा ही असर डालती है| संप्रदाय और प्रदेश के नाम पर लोगों के बीच नफरत की आग फैलायी जाती है तथा समूह विशेष को अपना शिकार बनाया जाता है| इन गतिविधियों से देश की राजधानी दिल्ली भी अछूती नहीं है| 13 दिसम्बर 2001 को भारत की संसद पर भी आतंकवादी हमला हो चुका है| 2008 में बेंगलुरु, जयपुर, सूरत और दिल्ली जैसे महानगरों में सीरियल बम ब्लास्ट हुए| इसी कड़ी में 26 नवम्बर 2008 को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई स्थित ताज होटल आतंकवादी गतिविधियों का शिकार बना| ताज के अतिरिक्त ओबराय होटल और नरीमन हाउस में भी आत्मघाती आतंकवादियों ने जघन्यतम कार्य किए| लगभग 200 निरपराध देशी एवं विदेशी लोग इनकी गोलियों के शिकार हुए| ऐसी सांप्रदायिक एवं आतंकवादी घटनाएँ देश की एकता, प्रगति और शांति के लिए चुनौती है जिनको समूल नष्ट किया जाना अत्यावश्यक है|
0 टिप्पणियाँ